पुलिस अभिरक्षा में संदिग्ध मौत,थाने की सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में ।
हवालात में आरोपी की मौत से मचा हड़कंप: नामली थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल। रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में हवालात के भीतर दुष्कर्म के आरोपी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार आरोपी ने थाने की हवालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली—या फिर इसके पीछे कोई और कारण है, इसे लेकर फिलहाल जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नामली क्षेत्र के एक गांव निवासी नाबालिग बालिका ने बुधवार शाम अपने ही पिता के खिलाफ दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को उसी रात करीब 10 बजे हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर दिया था। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे तक पुलिसकर्मियों ने आरोपी को जागते हुए देखा था, लेकिन सुबह करीब 4 बजे वह पजामे की नाड़ी से फांसी लगाकर झूलता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी सहित एफएसएल टीम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आ...