शिवम राठौड़ मौत मामला: पुलिस का मानवीय रुख, निष्पक्ष जांच का भरोसा; 3 मार्च तक विसरा रिपोर्ट पर खुलासे का संकेत।
शिवम राठौड़ मौत मामला: पुलिस का मानवीय रुख, निष्पक्ष जांच का भरोसा; 3 मार्च तक विसरा रिपोर्ट पर खुलासे का संकेत ।
नामली (रतलाम) मध्यप्रदेश
मंडी व्यापारी शिवम राठौड़ की मौत के मामले में पुलिस प्रशासन ने संवेदनशीलता और पारदर्शिता का परिचय देते हुए परिजनों व समाजजनों के बीच पहुंचकर स्थिति स्पष्ट की। पुलिस एसडीओपी किशोर पाटनवाला एवं नामली थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने ज़मीन पर बैठकर संवेदनाएं व्यक्त कीं और शिवम की लाश मिलने के समय के घटनाक्रम से लेकर अब तक की जांच की विस्तृत जानकारी साझा की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कृषि उपज उप-मंडी में व्यापारी होने के कारण लेन-देन का दबाव, भावनात्मक आघात और कर्ज़ की चिंता—इन सभी कारणों से परिस्थितियां अत्यंत कठिन हो गई थीं। जांच के अनुसार, नामजद आरोपियों के दबाव में आकर शिवम ने आत्मघाती कदम उठाया, जो बेहद दुखद है। पुलिस ने हर पहलू पर तथ्यात्मक जानकारी रखते हुए परिजनों को जांच व कार्रवाई की दिशा से अवगत कराया, जिससे वे संतुष्ट नजर आए। शुक्रवार को जांच के सात दिन पूरे होने पर सर्व समाज व राठौड़ समाज की ओर से अल्टीमेटम का समय निर्धारित था। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य राजेश भरावा ने सर्व समाज का नेतृत्व करते हुए सदर बाजार चौराहे पर शांतिपूर्ण तरीके से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की बात कही थी। मगर आज पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा शिवम राठौड़ की मौत को लेकर विस्तारित जानकारी दी उस समय नदारद थे । पूर्व गत शुक्रवार को सेमलिया रोड स्थित शिवम के निवास से न्याय यात्रा निकालकर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग रखी गई थी, जिस पर नगर के गणमान्य नागरिकों ने ज्ञापन भी सौंपा था। त्योहारों के मद्देनज़र एसडीएम द्वारा गुरुवार को धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए जाने के बाद, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने सक्रिय पहल की। इसी क्रम में एसडीओपी किशोर पाटनवाला एवं थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने शिवम के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि पुलिस हर वक्त परिवार के साथ है तथा आरोपियों को पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि तीन मार्च तक विसरा रिपोर्ट आने के बाद मामले में अहम खुलासा किया जाएगा। रिपोर्ट प्राप्त होते ही आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ सके। फिलहाल फरार आरोपियों की सूचना देने वाले के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। गुजरात के वडोदरा सहित राजस्थान के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। इस संवेदनशील प्रकरण की निगरानी पुलिस अधीक्षक अमित कुमार स्वयं कर रहे हैं और उन्होंने जांच को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। शिवम राठौड़ के निवास पर संवेदनाएं व्यक्त करते समय राठौड़ तेली समाज अध्यक्ष अशोक राठौड़, पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष संजय चौहान, पार्षद तुफान सिंह सोनगरा, समाजसेवी बंटी डाबी, पत्रकार राकेश आड़ा, शैलेंद्र कोठारी,हरिश चौहान, परिजन एवं समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने मानवीय संवेदना के साथ कानूनसम्मत और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए स्पष्ट किया है कि शिवम राठौड़ मौत मामले में सच्चाई सामने लाने और दोषियों पर ठोस कार्रवाई करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें