रतलाम में 29 जून को सजेगा अंचल के पत्रकारों का महाकुंभ, महालक्ष्मी परिसर में होगा पहला संभागीय सम्मेलन।

अध्यक्ष शलभ भदौरिया करेंगे मार्गदर्शन, रतलाम-मंदसौर-नीमच के करीब 400 पत्रकार बदलेंगे दशा और दिशा।
रतलाम। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आगामी 29 जून को शहर के श्रीमाली वास स्थित महालक्ष्मी परिसर (किरण टॉकीज़) में एक ऐतिहासिक संभागीय सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। रतलाम संभाग के गठन के बाद आयोजित होने वाला यह पहला गरिमामय संभागीय सम्मेलन होगा, जिसमें रतलाम, मंदसौर और नीमच जिले के करीब 400 शहरी एवं ग्रामीण पत्रकार अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे। समस्याओं पर मंथन और शासन स्तर पर प्रस्ताव जिलाध्यक्ष राजेश जैन ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस महासम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में काम कर रहे पत्रकारों की जमीनी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करना है। सम्मेलन के दौरान पत्रकारों के हितों और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार कर पारित किए जाएंगे, जिन्हें बाद में निराकरण हेतु शासन स्तर पर भेजा जाएगा।
प्रांतीय नेतृत्व का मिलेगा मार्गदर्शन।
पत्रकारों का मार्गदर्शन करने के लिए मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांतीय अध्यक्ष शलभ भदौरिया विशेष रूप से रतलाम पहुंच रहे हैं। उनके साथ प्रदेश कार्यकारिणी के कई अन्य शीर्ष पदाधिकारी भी सम्मेलन में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में गरिमा बढ़ाने के लिए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।
29 जून का दिन है बेहद खास।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष 2025 में 29 जून को ही रतलाम जिला इकाई ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का सफल आयोजन किया था। उसी बैठक में पारित प्रस्ताव के बाद प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने रतलाम, मंदसौर और नीमच को मिलाकर 'रतलाम संभाग' की ऐतिहासिक घोषणा की थी। अब ठीक एक साल बाद इसी तारीख को पहला संभागीय सम्मेलन होने जा रहा है।
तैयारियां जोरों पर,बनी आयोजन समिति।
इस बड़े समागम को भव्य और सफल बनाने के लिए जिला इकाई द्वारा व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सुचारू व्यवस्था के लिए एक विशेष आयोजन समिति का गठन भी कर दिया गया है, जो कार्यक्रम की कमान संभालेगी। संभाग के सभी पत्रकारों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

लेन-देन या साजिश? युवक की मौत पर नामली थाने के सामने लाश रखकर प्रदर्शन, हत्या के आरोप में पांच नामजद।

नामली थाने में 'वर्दी' हुई दागदार: टीआई अमित कोरी पर फरियादी के साथी को पीटने का आरोप, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत।

नामली में जुए पर दोहरी कहानी! गोदाम से छोड़े गए जुआरी,जंगल में दिखाई गई ‘सख्त’ कार्रवाई— पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल।