29 जून को रतलाम में होगा संभागीय पत्रकार महा सम्मेलन, पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग पर संघ का बड़ा ऐलान ।
29 जून को रतलाम में होगा संभागीय पत्रकार महा सम्मेलन, पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग पर संघ का बड़ा ऐलान ।
नामली, संवाददाता। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की बैठक में ग्रामीण और अंचल के पत्रकारों की भूमिका, उनकी समस्याओं और सुरक्षा को लेकर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में जिला अध्यक्ष राजेश जैन ने कहा कि अंचल के पत्रकार पत्रकारिता की रीढ़ की हड्डी हैं। जो पत्रकार गांवों की समस्याओं को उठाकर शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं और समाधान का रास्ता बनाते हैं, वही वास्तविक पत्रकार हैं। राजेश जैन ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कानून बनना अब समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकार जब निष्पक्ष, तथ्यात्मक और निर्भीक समाचार प्रकाशित करते हैं, तो उन्हें कई बार धमकियों का सामना करना पड़ता है। इसी कारण मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर लगातार संघर्षरत है। बैठक में यह भी बताया गया कि संघ हर ग्रामीण और नगरीय निकाय स्तर तक पत्रकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। इसी क्रम में 29 जून 2026 को रतलाम में संभागीय स्तर पर पत्रकारों के हितों और मांगों को लेकर भव्य महा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश के सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति की संभावना जताई गई है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इस महा सम्मेलन में पत्रकारों की सुरक्षा,मान-सम्मान, कार्य परिस्थितियों और ग्रामीण पत्रकारों के अधिकारों को लेकर विस्तृत मंथन किया जाएगा। संगठन की ओर से ब्लॉक और जिला स्तर की कार्यकारिणी को सक्रिय करते हुए पत्रकारों को एकजुट करने का अभियान भी तेज कर दिया गया है। बैठक में उपस्थित प्रदेश इकाई के संयुक्त सचिव भेरुलाल टांक और जिला महा सचिव दिनेश दवे पत्रकारों की समस्याओं पर मार्गदर्शन दिया।बैठक के दौरान नामली क्षेत्र के उस वरिष्ठ पत्रकार को सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया, जिन्होंने 35 वर्षों तक पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखते हुए आम जनता को जागरूक करने का कार्य किया है। संगठन ने ऐसे अनुभवी पत्रकार के योगदान को प्रेरणादायक बताते हुए उन्हें सम्मानित करने को पत्रकारिता के प्रति सामूहिक कृतज्ञता का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप कर्णधार ने किया। उन्होंने कार्यकारिणी और पदाधिकारियों के नामों के सुझाव जिला अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के समक्ष रखे, जिस पर उपस्थित सभी पत्रकारों ने सहमति जताई। इसके बाद ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया।
नवगठित कार्यकारिणी में ब्लॉक उपाध्यक्ष विशाल गोस्वामी, सचिव अनिल जाट, महासचिव दीपक गोस्वामी, कोषाध्यक्ष दिलीप शर्मा, सह सचिव टिपू सुल्तान मंसूरी, वरिष्ठ सदस्य रमेश गायरी, राजेश जाट, सुरेश शर्मा और धर्मेंद्र सोलंकी को मनोनीत किया गया। वहीं ब्लॉक संरक्षक शैलेंद्र कोठारी और वरिष्ठ पत्रकार हरिश चौहान की घोषणा भी की गई। जिला अध्यक्ष राजेश जैन और संभागीय महासचिव विजय मीणा की मौजूदगी में कार्यकारिणी का विधिवत गठन हुआ। इसके साथ ही वरिष्ठ समाजसेवी बंटी डाबी को जिला कार्यकारिणी में वरिष्ठ सदस्य मनोनीत किया गया। बैठक में पदाधिकारियों ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि ग्रामीण पत्रकारों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। अंत में जिला उपाध्यक्ष श्रीनाथ योगी ने आभार व्यक्त किया। ग्रामीण अंचलों में पत्रकारों के इस महा सम्मेलन को लेकर उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें