डिजिटल पुलिसिंग में रतलाम पुलिस का डंका,CCTNS में प्रदेशभर में प्रथम स्थान; एसपी अमित कुमार हुए सम्मानित।
डिजिटल पुलिसिंग में रतलाम पुलिस का डंका, CCTNS में प्रदेशभर में प्रथम स्थान; एसपी अमित कुमार हुए सम्मानित।
रतलाम/मध्यप्रदेश
रतलाम पुलिस ने आधुनिक और तकनीक आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) के प्रभावी संचालन में पूरे मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (ICJS) कार्यशाला में सम्मान शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो, पुलिस मुख्यालय द्वारा 28 जून 2026 को कुशाभाऊ ठाकरे मिंटो हॉल, भोपाल में आयोजित कार्यशाला के दौरान वर्ष 2025 में सीसीटीएनएस के उत्कृष्ट संचालन, डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन और तकनीक आधारित पुलिस सेवाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए रतलाम पुलिस को प्रदेश में प्रथम स्थान का गौरव मिला। यह उपलब्धि अपराध एवं अपराधियों से संबंधित सूचनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण संधारण, ऑनलाइन पुलिस सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत बनाने की दिशा में रतलाम पुलिस के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, न्यायमूर्ति संजीव कालगांवकर, एनसीआरबी के उप-निदेशक प्रसून गुप्ता, फॉरेंसिक एवं साइबर विशेषज्ञ डॉ. सैयद शरीक रिजवी, विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव तथा एनआईसी के सुनील जैन सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सम्मान प्राप्त करने के बाद पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने इस उपलब्धि का श्रेय रतलाम पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, सीसीटीएनएस शाखा और प्रत्येक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी को देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के समर्पण, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी आम नागरिकों को आधुनिक, पारदर्शी, त्वरित एवं तकनीक आधारित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने का आह्वान किया। रतलाम पुलिस की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि डिजिटल पुलिसिंग केवल तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि बेहतर कानून व्यवस्था, तेज जांच, पारदर्शी कार्यप्रणाली और नागरिकों के प्रति जवाबदेह पुलिस प्रशासन की दिशा में एक मजबूत कदम है। प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर रतलाम पुलिस ने यह साबित कर दिया है कि आधुनिक तकनीक और समर्पित टीमवर्क के बल पर पुलिस व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें