15 जुलाई से शुरू होगा 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान: पूरे मध्यप्रदेश में चलेगा नशामुक्ति का सबसे बड़ा जनआंदोलन।
"15 जुलाई से शुरू होगा 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान: पूरे मध्यप्रदेश में चलेगा नशामुक्ति का सबसे बड़ा जनआंदोलन"
भोपाल में डीजीपी कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय अंतर-विभागीय बैठक, मुख्यमंत्री करेंगे अभियान का शुभारंभ; समाज के हर वर्ग की होगी भागीदारी।
भोपाल मध्यप्रदेश
भोपाल। मध्यप्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस मुख्यालय, भोपाल में पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को लेकर उच्चस्तरीय अंतर-विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 से 30 जुलाई तक चलने वाले राज्यव्यापी अभियान को Whole-of-Government Approach के तहत जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए विस्तृत संयुक्त कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने स्पष्ट कहा कि "यह केवल पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी का महाअभियान है।" उन्होंने जानकारी दी कि 15 जुलाई को प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
अभियान के दौरान जनजागरूकता रैलियां, सोशल मीडिया कैंपेन, युवाओं की सक्रिय भागीदारी, नशा छोड़ चुके लोगों की प्रेरक कहानियां, स्कूलों, महाविद्यालयों, खेल संस्थानों, ग्राम पंचायतों, औद्योगिक इकाइयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उद्देश्य है कि नशे के खिलाफ संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचे और जनसहभागिता के माध्यम से इसे जनआंदोलन बनाया जा सके। बैठक में सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम, जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया तथा अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण समन्वय और सहयोग का भरोसा दिलाया। नशामुक्त मध्यप्रदेश की दिशा में यह अभियान सरकार, प्रशासन और समाज की साझी जिम्मेदारी को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें