नामली में झमाझम बारिश: भीषण गर्मी से मिली राहत, किसानों के चेहरे खिले; अच्छी बारिश के बाद शुरू होगा बुआई का दौर।

नामली में झमाझम बारिश: भीषण गर्मी से मिली राहत, किसानों के चेहरे खिले; अच्छी बारिश के बाद शुरू होगा बुआई का दौर।
नामली। रतलाम मध्यप्रदेश 
नगर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से जारी उमस और भीषण गर्मी के बाद बुधवार शाम को मौसम ने करवट बदली। शाम करीब 4:30 बजे हुई जोरदार बारिश से जहां आम लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत मिली, वहीं क्षेत्र के किसानों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे हैं। दो दिनों की भीषण गर्मी से मिली निजात
पिछले दो दिनों से नामली नगर में भीषण गर्मी का प्रकोप था। बुधवार दोपहर को भी तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा था। लेकिन शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इस बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम सुहाना हो गया है।
सप्ताह भर की देरी के बाद बरसे बदरा, किसानों ने ली राहत की सांस।
मौसम की इस पहली जोरदार बारिश से सबसे ज्यादा राहत कृषि क्षेत्र को मिली है। युवा किसान विजय आतेडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि:"मानसून में पिछले करीब एक सप्ताह की देरी चल रही थी, जिससे किसान चिंतित थे। लेकिन बुधवार को हुई इस अच्छी बारिश से नगर और ग्रामीण क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली है। इस बारिश से खेतों की मिट्टी में नमी आएगी, जो फसलों के लिए बेहद जरूरी है।"
महंगे बीजों के कारण फूंक-फूंक कर कदम रख रहे किसान।
किसान विजय आतेडिया ने आगे बताया कि इस बार बुआई के लिए किसान बाजार से अधिक मूल्य (महंगे) के बीजों का इस्तेमाल कर रहे हैं। बीजों की लागत अधिक होने के कारण किसान किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहते। यही वजह है कि क्षेत्र के छोटे और बड़े, सभी किसान इस पहली बारिश के बाद जमीन की नमी को परखेंगे और एक और अच्छी वर्षा होने के बाद ही विधिवत रूप से खेतों में बुआई का कार्य शुरू करेंगे। फिलहाल, इस बारिश ने किसानों की उम्मीदों को नया जीवन दे दिया है और क्षेत्र के खेतों में जल्द ही रौनक लौटने वाली है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

स्पा सेंटर के बंद कमरों में 'थाईलैंड' का खेल: ₹1800 में मसाज और ₹2000 में अस्मत का सौदा, तुलसी वाटर पार्क में 'पाप' के साम्राज्य का भंडाफोड़।

लेन-देन या साजिश? युवक की मौत पर नामली थाने के सामने लाश रखकर प्रदर्शन, हत्या के आरोप में पांच नामजद।

नामली थाने में 'वर्दी' हुई दागदार: टीआई अमित कोरी पर फरियादी के साथी को पीटने का आरोप, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत।